अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में संबोधित किया। ट्रम्प ने अपने संबोधन में सचिन तेंदुलकर से लेकर शोले-डीडीएलजे और महात्मा गांधी से लेकर विवेकानंद तक का जिक्र किया। हालांकि, पांच नामों का उच्चारण ट्रम्प ने गलत किया। मगर ट्रम्प के भाषण में जब-जब इन भारतीय हस्तियों का जिक्र आया, स्टेडियम में मौजूद श्रोताओं ने खुशी जताई।
राष्ट्रपति ट्रम्प के भाषण में बॉलीवुड और क्रिकेट
- ‘यह वो देश है, जो हर साल करीब 2 हजार फिल्में बनाता है। यह रचनात्मकता और काबिल लोगों का हब है, जिसे बॉलीवुड के रूप में जाना जाता है। दुनियाभर में लोग यहां के भांगड़ा, संगीत, नृत्य, रोमांस और ड्रामा का लुत्फ उठाते हैं। क्लासिकल भारतीय फिल्में जैसे दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, शोले का मजा लेते हैं। भारतीय सिनेमा सालभर में 2 हजार फिल्में बनाता है। यह प्रशंसनीय है।’
- ‘यह वो देश है, जहां आप सबसे बड़े क्रिकेटरों को चीयर करते हैं। जिनमें सचिन तेंडुलकर से लेकर विराट कोहली तक शामिल हैं। वे महानतम हैं।’
- ‘महान धर्म गुरु स्वामी विवेकानंद ने एक बार कहा था कि जब कभी मैं सम्मान के भाव से किसी इंसान के सामने खड़ा होता हूं तो मुझे उसमें भगवान नजर आता है। उस क्षण मैं आजाद हो जाता हूं।’
- ‘मैं और फर्स्ट लेडी मेलानिया महात्मा गांधी के आश्रम गए थे। यह वहां से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जहां से गांधी ने सॉल्ट मार्च शुरू किया था। कल दिल्ली में इस महान नेता के समाधि स्थल राजघाट पर भी जाएंगे।’
- ‘यह वो देश है जिसने महान देशभक्त सरदार पटेल के नाम पर सबसे ऊंचा स्टैच्यू बनवाया है।’
राष्ट्रपति ट्रम्प ने भाषण के दौरान कुछ गलतियां भी कीं
- स्वामी विवेकानंद : स्वामी विवेकामॉनन्न कहा।
- सचिन तेंडुलकर : मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के नाम का उच्चारण ट्रम्प ने ‘सुच्चिन तेंडुलकॉर’ किया।
- विराट कोहली : टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को ट्रम्प ‘विराट कोली’ बोल गए।
- चायवाला : मोदी खुद को कई बार चायवाला बता चुके हैं। ट्रम्प ने इसी शब्द का उच्चारण ‘चीवाला’ किया।
- शोले : बॉलीवुड ब्लॉक बस्टर शोले फिल्म को उन्होंने ‘शोजे’ के रूप में उच्चारित किया।
- वेद : भारतीय वेदों के उच्चारण में भी अमेरिकी राष्ट्रपति गलत कर गए। यह शब्द उन्होंने ‘वेस्ताज’ उच्चारित किया।